रायपुर, 17 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय सरकार ने सक्ती जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आयुक्त बिलासपुर संभाग को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जांच के लिए निर्धारित बिंदुओं में घटना कब और कैसे घटित हुई, घटना के कारण एवं परिस्थितियां तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे 30 दिवस के भीतर जांच पूर्ण कर अपना प्रतिवेदन राज्य शासन को प्रस्तुत करें।
राज्य सरकार ने एक विज्ञप्ति के जरिये बताया कि 14 अप्रैल 2026 को वेदांता पावर लिमिटेड के प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के ज्वाइंट में तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना घटित हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इस दुर्घटना में कम से कम 20 श्रमिकों की मृत्यु एवं 15 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।