नड़ड़ा ने किया 3 दिवसीय भाजपा सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला का उद्घाटन

    मैनपट, 7 जुलाई 2025: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी सांसदों और विधायकों को संगठन के साथ अधिक तालमेल बैठाकर जमीनी स्तर पर काम करने की निर्देश दिए।

     छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर में छत्तीसगढ़ भाजपा सांसदों एवं विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करते हुए नड़ड़ा ने सांसदों और विधायकों को संगठन के साथ अधिक तालमेल बैठाकर जमीनी स्तर पर काम करने की सलाह दी।

     अपने उद्बोधन में नड़ड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि विचार, मूल्य और सेवा का एक समर्पित आंदोलन है।

    बीजेपी अध्यक्ष ने बूथ स्तर पर पार्टी की उपस्थिति मजबूत करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, और विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यपूर्ण जवाब देने निर्देश दिए ।

     पार्टी सूत्रों ने बताया कि, उन्होंने पार्टी की विचारधारा, संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना पर विस्तार से चर्चा की।

     राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सामाजिक जागरूकता पर बल दिया और साथ ही पार्टी के सांसदों और विधायकों को आगामी कार्ययोजनाओं के लिए दिशा-निर्देश भी प्रदान किया।

     कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, बीजेपी राष्ट्रीय संगठक वी सतीश, बीजेपी राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह, बीजेपी क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, बीजेपी प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, उप–मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश भाजपा के सभी सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।

    नड़ड़ा ने कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं है, यह नेतृत्व को तैयार करने, संगठन को सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का माध्यम है।

     उन्होंने पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार के विकास कार्यों एवं इनिशिएटिव को छत्तीसगढ़ के हर घर तक पहुंचाने की अपील की।

    नड़ड़ा ने कार्यक्रम स्थल में पहुँचने के बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक पेड़ भी लगाया।  

  प्रशिक्षण वर्ग उद्घाटन से पहले मैनपाट बायोडायवर्सिटी उद्यान में सभी मंत्री, सांसद और विधायक गणों ने सिंदूर, रुद्राक्ष, आम व विभिन्न प्रजाति के एक-एक पेड़ लगाये।

    प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन प्रशिक्षण की प्रस्तावना व भूमिका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने रखी।

    पार्टी सूत्रों ने कहा, आज प्रथम दिन तीन सत्रों में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने समस्त सांसद विधायक व मंत्री गणों को प्रशिक्षण दिया।