149.25 लाख टन धान खरीदी; छत्तीसगढ़ में बना नया कीर्तिमान  

Paddy Procurement

     रायपुर, 03 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ में राज्य शासन द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत इस खरीफ सीजन में रिकॉर्ड 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है।

     खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, रिकॉर्ड 149.25 लाख टन धान की खरीदी में मोटा धान 81.98 लाख मीट्रिक टन, पतला धान 10.75 लाख मीट्रिक टन और सरना धान 56.52 लाख मीट्रिक टन शामिल है। धान की यह खरीदी राज्य बनने के बाद का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।

     धान खरीदी का सिलसिला 14 नवंबर 2024 से शुरू होकर 31 जनवरी 2025 तक निरंतर जारी रहा जिसके अंतर्गत राज्य के पंजीकृत 25 लाख 49 हजार 592 किसानों ने धान विक्रय किया।

     धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 31 हजार 89 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है।

     अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी के साथ ही कस्टम मीलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव किया जा रहा है। अभी तक 123 लाख टन से अधिक धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है। जिसके विरूद्ध 103 लाख टन से अधिक धान का उठाव हो चुका है।

    पंजीकृत 4102 राइस मिलरों के जरिए धान का उठाव निरंतर किया जा रहा है।

     विगत वर्ष 144.92 लाख टन धान की खरीदी हुई थी।