राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और डीजीपी को जारी किया नोटिस

NHRC

     रायपुर, 24 अप्रैल, 2026: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सक्ती वेदांता थर्मल पावर प्लांट में बॉयलर फटने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है और छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो हफ़्तों के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

     भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने 14 अप्रैल, 2026 को छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में स्थित थर्मल पावर प्लांट में बॉयलर ट्यूब फटने से मज़दूरों की मौत और घायल होने की मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है।

     रिपोर्ट के अनुसार, धमाके से बहुत ज़्यादा गर्म भाप निकली जिसने मज़दूरों को अपनी चपेट में ले लिया।

     एनएचआरसी के एक बयान में कहा गया है कि आयोग ने पाया है कि यदि समाचार रिपोर्ट की बातें सच हैं, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है।

     इसलिए, आयोग ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो हफ़्तों के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

     इसमें कहा गया है कि इस रिपोर्ट में प्रभावित मज़दूरों को मुआवज़ा वितरण की स्थिति के साथ-साथ घायल हुए लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी भी शामिल होने की उम्मीद है।

     आयोग ने कहा, 15 अप्रैल को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बॉयलर को बंद करके ठंडा करने के बाद पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया था। घायल मज़दूरों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।

     वेदांता पावर प्लांट में हुए इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जबकि 12 मज़दूर अलग-अलग अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं।