पहलगाम आतंकी हमले में रायपुर के दिनेश मिरानिया के निधन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक

Read Time:2 Minute, 15 Second

     रायपुर, 22 अप्रैल 2025: कश्मीर घाटी के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में रायपुर के एक व्यापारी दिनेश मिरानिया की मौत हो गई है।

     आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों के एक समूह ने एक भीड़भाड़ वाले इलाके में हमला किया, जहां ज्यादातर पर्यटक मौज-मस्ती कर रहे थे। उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें करीब 22 लोग मारे गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

     आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मारे गए लोगों में रायपुर शहर के दिनेश मिरानिया भी शामिल हैं, जो परिवार के साथ पहलगाम घूमने गए थे।

     मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिनेश मिरानिया की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

     मुख्यमंत्री साय ने  पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया के दुःखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह नृशंस और अमानवीय कृत्य अत्यंत निंदनीय है। आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है, और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

     साय ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

     मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Previous post कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने की 26 लोगों की हत्या, जिनमें से ज़्यादातर थे पर्यटक
Next post छत्तीसगढ़ ने वस्त्र उद्योग क्षेत्र में निवेश के नए द्वार खोले: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय