छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का भव्य आगाज आज से, केंद्रीय मंत्री मांडविया करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय करेंगे अध्यक्षता

Map of Chhattisgarh

     रायपुर, 01 नवम्बर 2026: भव्य छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन आज से तीन दिन तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होने वाला है जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, लोककलाओं और परंपराओं का जीवंत संगम दिखने को मिलेगा।

     राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में 1 नवम्बर को शाम 6 बजे केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।

     विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

     राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवम्बर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

     राज्योत्सव का समापन 3 नवम्बर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

     इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

     छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली लोकपरंपराओं, जनजातीय जीवनशैली और कला-संगीत की अनुपम छटा के साथ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ आज से होने जा रहा है।

     तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकार अपनी लोककलाओं का प्रदर्शन करेंगे, वहीं देश के प्रसिद्ध पार्श्व गायक और गायिकाएं अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव की रौनक बढ़ाएंगे।