बस्तर में भीषण मुठभेड़; 7 माओवादी ढेर

Sundarraj P

     रायपुर, 12 दिसंबर 2024: छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ भीषण मुठभेड़ में आज कम से कम सात माओवादी मारे गए।

     बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदरराज ने MoreSamachar.Com को बताया, “अब तक तलाशी अभियान के दौरान वर्दीधारी माओवादियों के सात शव बरामद किए गए हैं।”

     उन्होंने बताया कि सुबह 3 बजे से  बस्तर क्षेत्र के घने जंगलों वाले इलाके में मुठभेड़ जारी थी। मुठभेड़ का स्थान दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों का संगम वाला इलाका है।

     वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ, केंद्रीय अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की एक संयुक्त पुलिस पार्टी को दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में भेजा गया था, जहां माओवादियों ने आज (गुरुवार) सुबह करीब तीन बजे सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी और तब से गोलीबारी जारी है।

    सुंदरराज ने कहा, “अब तक सात शव बरामद किए गए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।”

     उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के सभी जवान सुरक्षित है।

     सुंदरराज ने कहा, मुठभेड़ स्थल पर अतिरिक्त बल भेजा गया है और गोलीबारी के बीच इलाके में तलाशी अभियान जारी है।