प्रधानमंत्री एआई-सक्षम उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का करेंगे उद्घाटन

Prime Minister Narendra Modi

     नई दिल्ली, 07 अगस्त 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल 8 अगस्त को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

     प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में डिग्री प्राप्त करने वाले 3000 से अधिक स्नातकों सहित 587 पीएचडी शोधार्थियों को संबोधित करेंगे।

     इस अवसर पर प्रधानमंत्री प्रतिभाशाली छात्रों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता की स्वीकृति स्वरूप, संस्थान के सर्वाधिक प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगे। इनमें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक शामिल हैं।

     अत्याधुनिक अनुसंधान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने की देश की प्रतिबद्धता के तहत प्रधानमंत्री आईआईटी दिल्ली के सोनीपत कैंपस में स्थापित एआई-सक्षम उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का उद्घाटन करेंगे।

     इस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा से संस्थान की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा विज्ञान, उन्नत कंप्यूटिंग और अंतःविषय अनुसंधान क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।