रायपुर, 01 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने आज जिला मुख्यालय अंबिकापुर में केंद्रीय बजट 2026-27 का सीधा प्रसारण देखने के बाद कहा कि मोदी सरकार के पिछले 11 वर्षों के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में रेलवे बुनियादी ढांचे के लिए पूंजीगत व्यय (Capex) में 22 गुना की वृद्धि हुई है। यह राज्य के औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास और पर्यावरण, योजना और आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री चौधरी ने अंबिकापुर के सर्किट हाउस में नगर के प्रबुद्धजनों के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 का सीधा प्रसारण देखा और बजट के तकनीकी पहलुओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

बजट के पश्चात वित्त मंत्री ने कहा कि आज का दिन भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट प्रस्तुत कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो राजनीतिक स्थिरता आई है, उसी का परिणाम है कि सरकार इतने कड़े और दूरदर्शी निर्णय ले पा रही है।
प्रदेश के संदर्भ में चर्चा करते हुए चौधरी ने विशेष रूप से रेलवे सेक्टर पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के पिछले 11 वर्षों के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में रेलवे बुनियादी ढांचे के लिए पूंजीगत व्यय (Capex) में 22 गुना की वृद्धि हुई है। यह राज्य के औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह बजट केवल एक वर्ष का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। पिछले 11 वर्षों में सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो हमारी समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बजट में एआई मिशन, क्रिटिकल मिनरल्स, वाटरवेज, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और हाई-स्पीड रेलवे जैसे भविष्योन्मुखी विषयों को प्राथमिकता दी गई है। देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूंजीगत व्यय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।