किसानों को गुणवत्ता वाले कीटनाशकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने सरकार तत्पर

     नयी दिल्ली, 25 जुलाई 2025: केंद्र सरकार ने कहा है कि वर्ष 2020-21 से 2024-25 के दौरान, कुल 356091 कीटनाशक नमूनों का विश्लेषण किया गया, जिनमें से 9088 कीटनाशक नमूने अवमानक पाए गए तथा दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

     केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि देश में, केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कीटनाशकों की गुणवत्ता की जाँच करने के लिए 12511 कीटनाशक निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो नियमित अंतराल पर अपने अधिकार क्षेत्र में विनिर्माण इकाइयों और बिक्री केंद्रों से नमूने एकत्र करते हैं, और नकली, अवमानक तथा गलत ब्रांडिंग वाले कीटनाशकों की बिक्री पर अंकुश लगाते हैं।

    उन्होंने बताया कि वर्ष 2020-21 से 2024-25 के दौरान, कुल 356091 कीटनाशक नमूनों का विश्लेषण किया गया, जिनमें से 9088 कीटनाशक नमूने अवमानक पाए गए तथा दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

     कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा अपने केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्रों (सीआईपीएमसी), कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) एवं राज्य कृषि विभागों के माध्यम से किसानों द्वारा रासायनिक कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग को रोकने और रासायनिक कीटनाशकों का उपयोग केवल आवश्यकता के समय अंतिम उपाय के रूप में विवेकपूर्ण तरीके से करने हेतु जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

     वर्तमान में, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अंतर्गत सब्सिडी वाले मूल्यों पर कीटनाशकों की खरीद के लिए कोई योजना/कार्यक्रम नहीं है। इसके अतिरिक्त, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा, देश में किसानों को गुणवत्ता वाले कीटनाशकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कीटनाशक अधिनियम, 1968 और कीटनाशक नियम, 1971 के विभिन्न प्रावधान कार्यान्वित किए जाते हैं।