ऑर्गेनाइज़र ने निर्भीकता कभी नहीं छोड़ी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

Union Home Minister Amit Shah

     रायपुर, 8 फरबरी 2026: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में साप्ताहिक पत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ के ‘भारत प्रकाशन’ द्वारा प्रकाशित ‘छत्तीसगढ़@25 : शिफ्टिंग द लेंस’ पुस्तक पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव को संबोधित किया। 

     शाह ने कहा कि ऑर्गेनाइज़र हमेशा से अंग्रेज़ी पत्रकारिता में मूल भारत का विचार रखता आया है, उस पर दृढ़ रहा है और उसके अनेक आयामों को भारतीय जनता के सामने रखने का काम किया है।

     उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में आज छत्तीसगढ़@25: शिफ्टिंग द लेंस का सुरक्षा, समृद्धि और स्थिरता विषय पर एक कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया है।

     गृह मंत्री ने कहा कि राजनीति में आइडियोलॉजी की बहुत भूमिका होती है और यही शासन को चलाती है। जिस राजनीतिक दल की विचारधारा ही न हो, वह राजनीतिक दल राज्य या देश का भला नहीं कर सकता।

     शाह ने कहा कि पत्रकारिता जगत में ऑर्गेनाइज़र ने देश के मुद्दों पर हमेशा आइडियोलॉजी के आधार पर उचित औऱ संयमित इंटरवेंशन किए हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का धर्म विचार को डरे बिना निर्भीक रूप से रखना है और ऑर्गेनाइज़र ने निर्भीकता कभी नहीं छोड़ी।

     उन्होंने कहा कि पहले ऑर्गेनाइज़र का मज़ाक उड़ाया जाता था, उसे इग्नोर किया जाता था और उसका विरोध किया जाता था लेकिन इन तीनों कालखंड में भी ऑर्गेनाइज़र दृढ़ता के साथ विचारधारा का दृष्टिकोण रखने से कभी नहीं डरा।

     शाह ने कहा कि आजादी से पहले और आज़ादी के बाद भारत की यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का बहुत बड़ा योगदान है जिसे कोई इतिहासकार नकार नहीं सकता। उन्होंने कहा कि देश और समाज जीवन का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जिसमें संघ के स्वयंसेवकों का सबसे अधिक सकारात्मक योगदान न हो।

     इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री-गृह विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।