अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए अब सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन

Rail Train

      रायपुर, 06 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का सफर अब और सुगम होगा। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन कर दी गई है।

     दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से प्रातः 7.30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात्रि 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान करेगी।

     ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।

     अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से मंगलवार को द्वितीय साप्ताहिक ट्रेन को सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर प्रातः 7.30 बजे रवाना किया।

     उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से मुलाकात की, पुष्प भेंट किए और सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त रेल सेवा शुरू होने को लेकर यात्रियों में भी उत्साह दिखाई दिया।