दुर्ग, 24 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और राज्य सरकार की पहल से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा डबल इंजन की सरकार का प्रयास है कि शहरों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने शहरों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि शहर केवल आबादी के केंद्र न रहें, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के केंद्र बनें। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।