रायपुर, 18 नवम्बर 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 15 नवंबर से प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की गई है। राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और धान खरीदी की सुविधाजनक व्यवस्थाओं से किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बैठने और पारदर्शी तौल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है।
इस वर्ष किसानों को धान का प्रति क्विंटल 3100 रुपये मूल्य सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है।
किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी केंद्रों में ऑफलाइन टोकन के साथ ही ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस व्यवस्था से किसान घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें बार-बार खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। साथ ही समय की बचत होने और धान विक्रय की निर्धारित तिथि की जानकारी पहले से मिलने के कारण किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने की तैयारी कर पा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से लंबी कतारों और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है। धान खरीदी की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होने से किसानों का भरोसा बढ़ा है।