नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2025: भारत कुल वन क्षेत्र के मामले में विश्व स्तर पर 9वें स्थान पर पहुँच गया है और वार्षिक वन क्षेत्र वृद्धि के मामले में भी दुनिया भर में अपना तीसरा स्थान बनाए रखा है।
खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा बाली में जारी वैश्विक वन संसाधन आकलन (जीएफआरए) 2025 के अनुसार, भारत ने वैश्विक पर्यावरण संरक्षण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है और कुल वन क्षेत्र के मामले में विश्व स्तर पर 9वें स्थान पर पहुँच गया है।
पिछले आकलन में, भारत 10वें स्थान पर था। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश ने वार्षिक वन क्षेत्र वृद्धि के मामले में भी दुनिया भर में अपना तीसरा स्थान बनाए रखा है, जो सतत वन प्रबंधन और पारिस्थितिक संतुलन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

यादव ने कहा कि यह उल्लेखनीय प्रगति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की सफलता को रेखांकित करती है, जिनका उद्देश्य वन संरक्षण, वनीकरण और समुदाय-नेतृत्व वाली पर्यावरणीय कार्रवाई है।
केंद्रीय वन मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ आह्वान और पर्यावरण जागरूकता पर उनके निरंतर ज़ोर ने देश भर के लोगों को वृक्षारोपण और संरक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।
यह बढ़ती जनभागीदारी एक हरित और टिकाऊ भविष्य के प्रति सामूहिक ज़िम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दे रही है। मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि मोदी सरकार की वन संरक्षण और संवर्धन हेतु योजनाओं और नीतियों तथा राज्य सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण प्रयासों के फलस्वरूप प्राप्त हुई है।