रायपुर, 26 मार्च 2026: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी माता मंदिर के रोपवे दुर्घटना में एक महिला की मृत्यु और सोलह अन्य के घायल होने की खबर का स्वतः संज्ञान ले कर मुख्य सचिव और महासमुंद के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जरी किया है।
आयोग ने कहा है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला बनता है।
इसलिए आयोग ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
साथ ही यह भी कहा है कि रिपोर्ट में घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति के साथ-साथ मृतक के परिजनों और घायलों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण भी शामिल होना चाहिए।
22 मार्च 2026 को रोपवे का तार अचानक टूटने से श्रद्धालुओं को ले जा रही ट्रॉली नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से 16 घायलों को बागबाहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।