कल से चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य आगाज

     जगदलपुर, 17 फरवरी 2026: बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर कल से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है।

     राज्य शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से आयोजित इस रजत महोत्सव का उद्घाटन समारोह चित्रकोट जलप्रपात ग्राउंड में आयोजित होगा।

     इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बस्तर के सांसद महेश कश्यप द्वारा की जाएगी। समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदलपुर विधायक तथा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
     अधिकारीयों ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।

     यह महोत्सव न केवल कला और संस्कृति का संगम होगा, बल्कि स्थानीय लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताओं का भी केंद्र बनेगा।