बेमेतरा, 31 मई, 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के लिए की गई व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराज़गी जताई और कहा कि ये व्यवस्थाएँ मुख्यमंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं थीं।
मुख्यमंत्री के दौरे के लिए बेमेतरा ज़िला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कड़े शब्दों में कहा, “मुख्यमंत्री जी के गरिमा के अनुरूप यह कार्यक्रम नहीं है।”
उन्होंने कहा, “मैं ज़िला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (बेमेतरा) को साफ साफ शब्दों में कहना चाहता हूँ कि (ऐसे कार्यक्रमों की व्यवस्था करने का) यह तरीका नहीं है।
उन्होंने कहा “मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत किया। इतना भी उनको जानकारी नहीं है?”
सिंह ने मुख्यमंत्री साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, तथा केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में कहा, “मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्री और मंत्री यहाँ बैठे हैं, और कलेक्टर तथा एसपी ढाई घंटे तक वैकल्पिक जगह ढूंड नहीं पाए। और इतनी नकारात्मकता कि बताने के बाद भी उस जगह नहीं गए। मैं 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहा हूँ, और मैंने कभी भी इत तरह कि व्यवस्था नहीं देखी।”
मुख्यमंत्री, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और विधानसभा अध्यक्ष, बेमेतरा में आयोजित एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बेमेतरा के भाजपा विधायक दीपेश साहू के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बेमेतरा के दौरे पर थे।