रायपुर, 12 मई 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। इस दुखद घटना में 13 लोगों की मृत्यु तथा 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
साय ने घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब हो रायपुर जिले के खरोर इलाके में कल देर रात एक मिनी ट्रक और एक ट्रेलर की भीषण टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए हैं।
मिनी ट्रक में सवार ये सभी लोग छठी के कार्यक्रम के बाद खरोरा के बाना गांव से लौट रहे थे। बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
मृतकों में 10 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। इनमें एक ही परिवार की 3 महिलाएं भी शामिल हैं
ट्रेलर झारखंड का बताया जा रहा है। रेपोर्ट्स के अनुसार टोल नाके से बचने के चक्कर में ड्राइवर ने दूसरा रास्ता पकड़ा और इस दौरान ट्रेलर के साइड से करीब 3 फीट बाहर निकले लोहे (हैवी मशीन का हिस्सा) से मिनी ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे आ रही दूसरी ट्रक में जा भिड़ी।
इस भीषण टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए हैं।