केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे रायपुर; मुख्यमंत्री साय ने किया आत्मीय स्वागत

     रायपुर 17 मई 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुँचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।

      केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह इस उच्च स्तरीय दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जन-सुविधाओं का विस्तार करने, स्थानीय समाज से सीधा संवाद करने के साथ-साथ विभिन्न शीर्ष नीतिगत और प्रशासनिक बैठकों का नेतृत्व करेंगे।

     अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री कल सुबह 10:15 बजे रायपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परेड ग्राउंड से राज्य की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ के नए आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके तुरंत बाद वे बस्तर जिले के नेतानार के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां सुबह 11:45 बजे सुदूर अंचलों में शासकीय व डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए ‘जन सुविधा केन्द्र’ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।

     दोपहर में जगदलपुर पहुंचने पर, गृह मंत्री दोपहर 01:00 बजे अमर वाटिका जाकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 02:00 बजे जगदलपुर के बादल (BADAL) अकादमी में एक वृहद संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां शाह शहीदों के परिजनों, नक्सल मोर्चे पर तैनात केंद्रीय बल व राज्य के विशेष सुरक्षा बलों, पुलिस अधिकारियों, नक्सल पीड़ितों और स्थानीय विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रबुद्ध प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जमीनी स्तर पर व्यापक चर्चा करेंगे।

     इस प्रवास के दौरान शाम 06:30 बजे बादल अकादमी में ही आयोजित होने वाले ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर बस्तर की अनूठी जनजातीय कला और संस्कृति का अवलोकन करेंगे।

     अपने दौरे के अगले दिन, 19 मई को केन्द्रीय गृह मंत्री जगदलपुर में आयोजित होने वाले एक और महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय वैठक का अध्यक्षता करेंगे।19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।

     रिपोर्ट्स के अनुसार इस बैठक में 4 राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

     मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें राज्यों के बीच समन्वय से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।